संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। जग्गा तख्तमल के नाम से धमकी देकर व्यापारियों से रंगदारी मांगने मामले में पुलिस नंबर ट्रेस कर सिम के मालिक को काबू कर लिया है। पुलिस पूछताछ में माेबाइल सिम के मालिक ने कहा कि उसका कुछ दिन पहले मोबाइल गुम हो गया था। इसके बाद उसने सिम बंद नहीं करवाई। वहीं अब इस तरह का एक ओर मामला सामने आया। इसमें पीड़ित ने 50 रुपये की नकदी पहले ही दिए जाने की जानकारी दी है। हालांकि पुलिस के पास मामले की शिकायत नहीं पहुंची है।
पुलिस की ओर से काबू किया गया सिम के मालिक की पहचान जग्गा राम निवासी पंजमाला थाना रोड़ी के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य पीड़ित दुकानदार हरबिलास राय ने बताया कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। इसके बाद वह उक्त व्यक्ति को 50 हजार रुपये दे भी आया। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई शिकायत ना आने की बात कही है। पुलिस ने अब सिरसा साइबर सेल से भी सहायता मांगी है।
कालांवाली में हुए दोहरे हत्याकांड में जेल में बंद गैंगस्टर जग्गा तख्तमल के नाम से शहर के पूर्व नपा वाइस चेयरमैन महेश झोरड़ व व्यापारी सतीश कुमार को किसी ने फोन करके दो लाख रुपये व डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। फोन करने वाले ने रंगदारी न देने पर उन्हें किडनैप करने व जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर मामला दर्ज किया है। उक्त तीनों मामलों में जिस नंबर से कॉल आई है, वह एक ही है।
वर्जन
व्यापारियों से रंगदारी मांगने मामले की शिकायत आई है। इसके आधार पर जांच शुरू कर दी है। नंबर ट्रेस कर उसके मालिक को काबू किया गया है, जोकि कुछ दिन पहले मोबाइल गुम होने की जानकारी दे रहा है। जिसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। - रामफल, थाना प्रभारी कालांवाली ।