सिरसा। पांच हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए पटवारी प्यारे लाल और उसके साथी रणजीत सिंह को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, डीएसपी जुगल किशोर ने बताया कि इस मामले में अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) तहसीलदार और रीडर से पूछताछ करेगी।
शिकायतकर्ता नवदीप सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार को ई-दिशा केंद्र सिरसा गया था, जहां पटवारी प्यारे लाल ने जमीन कुर्की प्रक्रिया रोकने के एवज में दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी। नवदीप ने पैसे कम करने की बात की तो पटवारी ने पांच हजार रुपये की मांग की और कहा कि इसमें से तीन हजार तहसीलदार, एक हजार रीडर और एक हजार वह स्वयं रखेगा। नवदीप ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी। डीएसपी ने कहा कि एसीबी इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।