सिरसा। आईएमए चिकित्सकों की बैठक शनिवार को हुई। अध्यक्षता आईएमए जिला प्रधान सौरव वालिया ने की। बैठक में आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों के लंबित भुगतान और पुराने पैकेज रेटों पर चर्चा हुई जिसमें सरकार से जल्द भुगतान जारी करने की मांग की गई।
सौरव वालिया ने बताया कि हरियाणा स्टेट लेवल मीटिंग में आयुष्मान भुगतान न मिलने पर प्रदेशभर में आंदोलन का निर्णय हुआ है। इसके तहत 1 सितंबर को टोकन स्ट्राइक रखी जाएगी। इस दौरान अस्पतालों में आयुष्मान से संबंधित कोई कार्य नहीं होगा।
विज्ञापन
यदि सरकार ने भुगतान और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की तो 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आयुष्मान योजना का भुगतान लंबे समय से लंबित है।
कई बार लिखित आश्वासन मिलने के बावजूद राशि जारी नहीं की गई। इससे उनका खर्चा निकालना भी मुश्किल हो रहा है। बैठक में नरेश पेडीवाल, आशीष खुराना, अंजनी अग्रवाल और वीवी गोयल सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।