डबवाली। नशा मुक्ति केंद्र से छुड़वाए गए युवक। पुलिस
डबवाली। शहर थाना पुलिस ने वीरवार देर रात को अवैध रूप से चल रहे नशा मुक्ति केंद्र पर कार्रवाई की। वार्ड 5 की कबीर बस्ती में चल रहे इस सेंटर से पंजाब और हरियाणा के करीब 45 नशा पीड़ित युवक को छुड़वाया गया। केंद्र से दो संचालकों जोगेवाला, डबवाली निवासी हरदीप सिंह व फूस मंडी जिला बठिंडा पंजाब निवासी इकबाल सिंह को काबू किया गया है।
शहर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि वीरवार देर रात को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव डबवाली निवासी कमलकांत का एक रिहायशी मकान वार्ड 5 कबीर बस्ती डबवाली में है। मकान कमलकांत ने सुरजीत व इकबाल सिंह को किराये पर दिया हुआ है। दोनों लोग मकान में फर्जी तरीके से एकनूर नशा मुक्ति केंद्र के नाम से नशा मुक्ति केंद्र चलाया जा रहा है।
नशा मुक्ति केंद्र में हरियाणा व पंजाब से करीब 45 नशा से पीड़ित व्यक्तियों को नाजायज तौर पर बंदी बनाकर रखा गया हैं। नशे से पीड़ित व्यक्तियों व उनके परिजनों से भारी मात्रा में नशा छुड़वाने के नाम पर धोखाधड़ी करके रकम ठगी जा रही है। सूचना के आधार पर मकान पर छापमार कार्रवाई करते हुए वहां पर बंधक बनाए गए 45 नशा पीड़ितों को निकाला गया और उन्हें उनके परिजनों के हवाले किया गया। जांच के दौरान थाना शहर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
10 से 12 हजार रुपये की होती थी वसूली
जांच में सामने आया है कि इस अवैध सेंटर में नशे की लत छुड़वाने के नाम पर प्रति व्यक्ति 10 से 12 हजार रुपये वसूले जाते थे। इसमें उनके खाने और रहने की व्यवस्था शामिल थी। सेंटर के संचालक यह भी दावा करते थे कि वे बिना किसी दवा के नशा छुड़वाते हैं। यह सेंटर पिछले करीब सात महीने से छिपाकर चलाया जा रहा था, क्योंकि ज्यादातर ऐसे सेंटर भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर ही संचालित होते हैं।