कंगनपुर रेलवे फाटक के पास जेसीबी से कराया निर्माण।
सिरसा। अवैध कॉलोनियों के विकास पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला नगर योजनाकार विभाग कीर ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गांव खैरपुर के राजस्व क्षेत्र में कंगनपुर रेलवे फाटक के समीप हो रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कर्मवीर झाझड़िया ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। नियमानुसार अनुमति न होने के कारण विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को गिरा दिया। उन्होंने जिले में किसी भी कीमत पर अवैध कॉलोनियों को पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जिला नगर योजनाकार ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संपत्ति खरीदने या निवेश करने से पहले कॉलोनी की वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
ऑटो मार्केट में व्यापारी स्वयं हटा रहे अतिक्रमण, नगर परिषद की टीम कर रही निगरानी
ऑटो मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल धीमी गति से चल रही है। नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंचकर सीधे कार्रवाई करने की बजाय निगरानी कर रही है। इसी बीच कई व्यापारी स्वयं आगे आकर अपना अतिक्रमण हटाने में जुटे हुए हैं।
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार टीम अमले के साथ नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर रही है। यदि कोई व्यापारी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाता है तो उसके खिलाफ नगर परिषद द्वारा कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक ऑटो मार्केट क्षेत्र से अतिक्रमण पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता। शुक्रवार को बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इससे एक दिन पहले वीरवार को ई-रिक्शा चालकों ने नगर परिषद चेयरमैन के समक्ष शिकायत रखी थी। चालकों ने बताया कि कुछ रेहड़ी संचालकों ने उनकी निर्धारित पार्किंग स्थल पर रेहड़ियां लगा ली थीं, जिससे उन्हें मजबूरन सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ रहे थे और पुलिस द्वारा चालान किए जा रहे थे। शिकायत के बाद नगर परिषद की टीम ने शुक्रवार को बस स्टैंड पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे ई-रिक्शा चालकों को राहत मिली। संवाद