सिरसा। राजकीय महिला महाविद्यालय में स्थापित इग्नू सेंटर पर जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस सत्र में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले लिए जा रहे हैं। प्रवेश प्रक्रिया के प्रचार-प्रसार के लिए इग्नू स्टाफ की ओर से रविवार को इग्नू परीक्षा केंद्र में संचालित परीक्षाओं के दौरान विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य उन विद्यार्थियों को इग्नू के माध्यम से शिक्षा से जोड़ना था, जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा प्रणाली में प्रवेश नहीं ले सके हैं या अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू करना चाहते हैं। इस दौरान स्टाफ ने परीक्षा केंद्र में उपस्थित विद्यार्थियों को इग्नू विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
स्टाफ ने बताया कि इग्नू दूरस्थ शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी विश्वविद्यालय है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इग्नू के पाठ्यक्रमों की प्रमुख विशेषता उनका लचीलापन है, जिससे विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के अनुसार अध्ययन कर सकते हैं। कम शुल्क, अद्यतन पाठ्य सामग्री और उद्योग की मांगों के अनुरूप पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
-
पीजीडीडीआरएम सहित अन्य कोर्सों में ले सकते हैं दाखिला
जो छात्र-छात्राएं इग्नू विश्वविद्यालय से स्नातक या स्नातकोत्तर की पढ़ाई करना चाहते हैं और जो नियमित दाखिले से वंचित रह गए थे, वे अब बिना किसी देरी के इग्नू अध्ययन केंद्र 1085, राजकीय महिला महाविद्यालय में जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश ले सकते हैं। वर्तमान में इस अध्ययन केंद्र पर डीईसीई, बीकॉम, बीए, एमए इतिहास, एमए हिंदी और पीजीडीडीआरएम जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
-
दाखिला के लिए डीईबी आईडी अनिवार्य
इग्नू अध्ययन केंद्र के असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतपाल ने बताया कि जो विद्यार्थी आगे अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं, वे इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं असिस्टेंट ललित कुमार ने इग्नू के किसी भी कोर्स में दाखिला लेने के लिए रजिस्ट्रेशन के बाद एबीसी आईडी बनाकर डीईबी आईडी बनाना अनिवार्य है। डीईबी आईडी बनाने के लिए विद्यार्थियों को यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट https://deb.ugc.ac.in/StudentDEBID पर जाना होगा। सभी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। दाखिले के लिए विद्यार्थियों के पास दसवीं और बारहवीं की मार्कशीट, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, सिग्नेचर की स्कैन कॉपी, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
-
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के कार्यालय से प्राप्त मेल के आदेशानुसार महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शत्रुजीत सिंह के संरक्षण व क्षेत्रीय केंद्र करनाल के निदेशक डॉ. धर्मपाल व उपनिदेशक डॉ. अमित कुमार जैन के मार्गदर्शन में रविवार को अभियान चलाया गया। इसके तहत स्टाफ ने इग्नू एग्जाम सेंटर 1085 में संचालित इग्नू की परीक्षाओं में जनवरी 2026 सत्र में दाखिला लेने के लिए प्रेरित करने का विशेष अभियान चलाया।
- डॉ. विक्रमजीत सिंह, कोऑर्डिनेटर, इग्नू सेंटर।