सिरसा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की टर्म एंड एग्जामिनेशन-2025 एक दिसंबर से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सिरसा में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें महिला कॉलेज, जेसीडी कॉलेज और नेशनल कॉलेज शामिल हैं।
परीक्षाओं के लिए सुबह और शाम की दोनों शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में समय से पहले पहुंचना अनिवार्य रहेगा। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। परीक्षा देने वाले सभी छात्रों के एडमिट कार्ड इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें डाउनलोड करके प्रिंट निकालना आवश्यक है।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश केवल एडमिट कार्ड और मान्य पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना एडमिट कार्ड किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए विद्यार्थी समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।
-
दो शिफ्टों में होगी परीक्षा
परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू होकर निर्धारित तिथियों के अनुसार जारी रहेंगी। सुबह की परीक्षा 10 बजे से एक बजे तक और शाम की परीक्षा दो बजे से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्रों को रिपोर्टिंग समय परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले रखा गया है, ताकि डॉक्यूमेंट व बैठने की व्यवस्था समय पर पूरी की जा सके। केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक साधन लाने की अनुमति नहीं होगी।
-
अब जमा नहीं होंगे असाइनमेंट
असाइनमेंट जमा करवाने की आखिरी तारीख 20 नवंबर थी, जो अब समाप्त हो चुकी है। जो विद्यार्थी अपनी असाइनमेंट कॉपी समय पर जमा नहीं करा पाए हैं, वे अब इसे जमा नहीं कर पाएंगे। विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार असाइनमेंट जमा करना परीक्षा में बैठने की अनिवार्य शर्त है, इसलिए जिन छात्रों की असाइनमेंट जमा नहीं हुई है, उनका रिजल्ट रोका जा सकता है। कई विद्यार्थी अंतिम तिथि के लिए संशय में थे, जिन्हें विश्वविद्यालय की ओर से बार-बार सूचनाओं के माध्यम से अवगत करवाया गया था। इग्नू अध्ययन केंद्रों ने भी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी जानकारियां विश्वविद्यालय वेबसाइट पर ही देखें और किसी भी अफवाह या गलत सूचना पर विश्वास न करें। वहीं परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी सख्त किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।
एक दिसंबर से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजकीय महिला महाविद्यालय स्थित इग्नू परीक्षा केंद्र पर 250 विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था है। -
विक्रमजीत सिंह, कोऑर्डिनेटर, इग्नू केंद्र, राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा।