डबवाली (सिरसा)। फिरोजपुर के गांव लंगेआना का मुखिया बनने का सपना साकार नहीं हुआ तो सतनाम सिंह एटीएम चोर गिरोह का मुखिया बन गया। उत्तर प्रदेश के बरेली में अपनी जमीन बेचकर इनोवा खरीदी थी। इसके बाद शुरू हुआ एटीएम चोरी का खेल।
संगरिया में पहली वारदात करने के बाद गिरोह ने लंबी दूरी तय की। सूरतगढ़, नोखा तथा श्रीगंगानगर में एटीएम चोरी करने के बाद हरियाणा में कूच किया। शहर में स्थित पीएनबी का एटीएम चोरी करने के करीब दो माह बाद डबवाली के ही यूनियन बैंक का एटीएम चोरी करने का प्रयास किया। इसके बाद सीधा श्रीगंगानगर का रुख किया। जुलाई 2016 में दूसरी बार चोरी करने का प्रयास करते हुए वे राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस के अनुसार उपरोक्त चोरियों से आरोपियों ने करीब 40 लाख रुपये एकत्रित किए। सबसे बड़ी वारदात पीएनबी डबवाली में हुई। एटीएम में से साढ़े चौदह लाख रुपये निकले थे। पुलिस के अनुसार सतनाम सिंह ने सरपंच पद का चुनाव लड़ा था। चुनावी खर्च को पूरा करने के लिए उसने अपनी जमीन बेच दी। हार की पीड़ा के साथ-साथ लाखों खर्च होने के दर्द ने जख्म को नासूर बना दिया। अनपढ़ सतनाम इस ठीस से उभरना चाहता था, ऐसे में एक टीवी चैनल पर चल रहे एक सीरियल ने उसे अपराध की दुनियां में धकेल दिया। 50 वर्षीय सतनाम ने बारहवीं पास बेटे गुरभेज, नौवीं पास भाई सुखवंत तथा 24 वर्षीय रिश्तेदार यादविंद्र के साथ गिरोह बना लिया। इसमें गांव पल्ला मोगा निवासी 26 वर्षीय छिंद्रपाल उर्फ छिंद्र को शामिल कर लिया था। अब उन्हें एटीएम चोरी करने के लिए साधन की जरूरत थी। ऐसे में सतनाम ने उत्तर प्रदेश के शहर बरेली में स्थित अपनी जमीन बेचने के बाद कम पैसे में अख्तर अली से इनोवा खरीद की। इनोवा के कागजात पूरे न होने पर स्कॉर्पियो मंगवा ली। जोकि श्रीगंगानगर पुलिस की गिरफ्त में है। हालांकि गिरोह ने अधिकतर वारदात इनोवा से अंजाम दी थी। राजस्थान पुलिस के बाद अब हरियाणा पुलिस इनोवा तथा बरेली निवासी अख्तर अली की तलाश कर रही हैं।
बॉक्स
नशे में उड़ा दिए 40 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देते समय वे पूरी तरह से नशे में होते थे। हर रोज करीब पंद्रह से बीस हजार की हेरोइन खा जाते थे। पूछताछ में यह भी बताया है कि 40 लाख रुपये उन्होंने नशे में उड़ा दिए। करीब पांच माह तक राजस्थान की जेल में बंद आरोपियों का नशा छुड़वाने का भी पुलिस ने प्रयास किया। डॉक्टर के जरिए नशा मुक्ति की दवा दी। रिमांड के दौरान पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।
बॉक्स
यूनियन बैंक मामले में तफ्तीश पूरी होने के बाद आरोपियों को पुन: न्यायिक दंडाधिकारी (प्रथम श्रेणी) जितेंद्र सिंह की अदालत में पेश किया गया। पीएनबी एटीएम चोरी मामले में अदालत ने आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया।
-राजेंद्र कुमार, जांच अधिकारी
गोल बाजार पुलिस चौकी, डबवाली