बिजली निगम नए ट्यूबवेल कनेक्शन में देरी होने पर अब उपभोक्ता को जमा करवाई गई राशि पर ब्याज देगा। उपभोक्ता को यदि कंसंट मनी जमा करवाने के 6 महीने बाद कनेक्शन नहीं मिलता तो सातवें महीने से राशि पर ब्याज मिलना शुरू होगा। हरियाणा बिजली वितरण निगम ने सात सितंबर को यह पत्र जारी किया है। इसका लाभ एक जनवरी 2014 से 31 दिसंबर 2018 तक बिजली निगम के पास बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा।
बता दें कि जिले में बिजली निगम के पास करीब 10937 किसानों ने नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, मगर दो साल बाद भी किसानों को बिजली कनेक्शन नहीं जारी हो पाए। जिले में करीब 10439 किसान अभी भी बिजली कनेक्शन से वंचित हैं। जबकि बिजली निगम ने 31 दिसंबर 2018 तक बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन मांगे थे। जिले में करीब 10937 किसानों ने आवेदन किए। मार्च 2019 के बाद किसानों से करीब 30 हजार रुपये की कंसंट मनी भी जमा करवाई। उपभोक्ताओं ने निगम के पास मोटर के पैसे जमा करवाए। साथ ही एस्टीमेट भी बनवाए। आवेदन करने के पौने तीन साल बाद अभी तक बिजली निगम केवल 498 उपभोक्ताओं को ही कनेक्शन जारी कर पाया। बिजली निगम के पास करीब 524 लोगों ने मोटर के पैसे जमा करवा दिए। निगम ने करीब 498 लोगों को सबमर्सिबल पंप भी दे दिए, लेकिन 10439 उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन में देरी हो रही है। ऐसे में कई उपभोक्ता कंसंट मनी, और इंफास्ट्राकर लागत भी जमा करवा चुके हैं। मगर बिजली निगम ने उन्हें कनेक्शन नहीं दिए।
तीन स्टेज पर मिलेगा राशि पर ब्याज
वे उपभोक्ता जिन्होंने कंसंट मनी जमा करवाई है और 6 महीने तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिला तो सातवें महीने से उन्हें राशि पर ब्याज मिलना शुरू हो जाएगा। मोटर के पैसे जमा करवाने के बाद इंफास्ट्रक्चर राशि जमा करवाने के 6 महीने बाद भी कनेक्शन नहीं मिला तो सातवें महीने से उस राशि पर ब्याज मिलेगा। इसी प्रकार से इंफास्ट्रक्चर राशि जमा करवाने के बाद भी 6 महीने तक कनेक्शन नहीं मिला तो सातवें महीने से जमा करवाई गई राशि पर ब्याज मिलेगा। हालांकि यह ब्याज बिजली निगम के नियमों के अनुसार होगा।
कोट्स
पत्र आया है। करीब 524 उपभोक्ताओं ने मोटर के पैसे जमा करवाएं, इनमें से 498 उपभोक्ताओं को सबमर्सिबल पंप दिए जो चुके हैं।
रणबीर सिंह, एसई, बिजली निगम सिरसा।