न्याय के मंदिर(अदालत परिसर) में हुई चोरी ने कानूनी व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। जिसमें सामने आया कि अगर इंतजाम होते तो न्याय के मंदिर में चोरी न होती। दिन या रात को शहर में गश्त के नाम पर पुलिस के पास मात्र एक पीसीआर है, जबकि क्षेत्र काफी बढ़ा है।
शहर थाना पुलिस के अंतर्गत शहर के अलावा गांव डबवाली, सांवतखेड़ा, जोगेवाला, अलीकां, मसीतां तथा शेरगढ़ आते हैं। इतना बढ़ा क्षेत्र होने पर मात्र एक पीसीआर कितनी गश्त करेगी। शहर में गोल बाजार पुलिस तथा शहर थाना के पास दो गाड़ियां हैं, लेकिन स्टॉफ की कमी इसमें आड़े आ रही है।
एस्टीमेट बनाया, नहीं दीवारें ऊंची
न्याय के मंदिर में वाहन चोरी आम बात है। आपराधिक गतिविधियों को भांपते हुए तत्कालीन उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी अमित शर्मा ने दीवारों को ऊंचा उठाने के आदेश लोक निर्माण विभाग (भवन एवं पथ) को दिए थे। इस आदेश को करीब छह माह का समय हो गया है।
आदेशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने फौरी तौर पर दीवारों को ऊंचा उठाने के लिए 20 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेजा था। यह एस्टीमेट आज तक स्वीकृत नहीं हुआ है। यह भी एक कारण बना न्याय के मंदिर में चोरी होने का।
क्या कहते हैं अधिकारी
-------------------
एक पीसीआर होने से रात्रि गश्त में दिक्कत आती है। शहर थाना पुलिस के पास क्षेत्र काफी बढ़ा है। समय-समय पर रिपोर्ट जिला पुलिस कप्तान के कार्यालय में जाती है। वहीं से ही पीसीआर या गाड़ियां उपलब्ध होती हैं।
भारतेंद्र कुमार ढिल्लों, प्रभारी, शहर थाना, डबवाली
दो फुट ऊंची उठनी थी दीवार
लघु सचिवालय की दीवारें चार फुट है। तत्कालीन जज अमित शर्मा के आदेश पर इसे दो फुट ऊंची करने का एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेजा गया था। मंजूरी मिलते ही दीवारें ऊंची उठा दी जाएंगी।
-अनिल भारद्वाज, एसडीई बीएंडआर, डबवाली
चौकीदारों को प्रशासन की हिदायत,
सोमवार रात को न्याय के मंदिर से आठ सीसीटीवी कैमरे, सीपीयू तथा रिकॉर्ड रूम में चोरी होने के बाद प्रशासन सख्ती के मूड में है। मंगलवार शाम को उपमंडलाधीश सतीश कुमार ने लघुसचिवालय में अलग-अलग जगहों पर तैनात चौकीदारों को बुलाकर पहरा सख्त करने के निर्देश दिये। वहीं लघुसचिवालय में बने क्वार्टरों में रहने वाले मुलाजिम भी उपमंडलाधीश से मिले। मुलाजिमों ने लघु सचिवालय की दीवारें ऊंची करने की मांग की। दीवारें ऊंची करने के लिए उपमंडलाधीश ने उन्हें आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि अदालत में हुई चोरी के बाद सभी चौकीदारों को निर्देश दिए गए हैं। कार्य में कोताही बरतने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।