डबवाली में बिजली चोरी करने वालों की खैर नहीं। विभाग ने क्षेत्र के 185 ट्रांसफार्मरों को मॉडम लगाकर सीधे इंटरनेट की मदद से बिजली निगम के कार्यालय से जोड़ दिया है। अब 150 किलोमीटर दूर हिसार स्थित अधिकारियों को वहां बैठे पता चल जाएगा कि किस ट्रांसफार्मर से बिजली चोरी हो रही है। इसके बाद अभियान चलाकर संबंधित एरिया में बिजली चोरी को रोका जा सकेगा।
विभाग ने आरएपीडीआरपी योजना के तहत सिस्टम को हाईटेक कर दिया है। शहर डबवाली में लगे सभी 185 ट्रांसफार्मरों पर मॉडम स्थापित किए जा चुके हैं। इंटरनेट कनेक्शन के जरिये सभी मॉडम दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के गांव डबवाली स्थित सबस्टेशन से जुड़े हुए हैं। फिलहाल 11 केवी लाइन के 10 कनेक्शनों ने कार्य करना भी शुरू कर दिया है। अब इन कनेक्शनों की मैनुअली रीडिंग की जरूरत नहीं होगी। ऑफिस में बैठे ही रीडिंग देखी जा सकती है।
इतने कनेक्शन हैं शहर में
शहर में कुल 12 हजार 770 बिजली कनेक्शन हैं, जिसमें से 9300 घरेलू, 3235 व्यावसायिक, चार ब्लक, 29 टेंपरेरी, 178 लघु उद्योग, सात स्ट्रीट लाइट, सात पब्लिक हेल्थ, 10 कनेक्शन 11 हजार केवी के हैं। अब ये सभी कनेक्शन 185 मॉडमों के अधीन रहेंगे। उधर, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीई सुखबीर कंबोज ने बताया कि व्यवस्था हाईटेक होने से बिजली चोरी रुकेगी। सभी 185 ट्रांसफार्मरों पर मॉडम लगाए जा चुके हैं।