हेलो, कंट्रोल रूम से बोल रहे हो, जी हां, पहचान कौन? इसी प्रकार की सैकड़ों फेक कॉल से पुलिसवालों का आए दिन सामना हो रहा है। हर रोज करीब 150 कॉल 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में आती हैं और मात्र 20 कॉल ही सही होती है। इन फेक कॉल की वजह से जहां पुलिस का समय बर्बाद हो रहा है, वहीं कई बार इनके चक्कर में असली जरूरतमंद को मदद नहीं मिल पा रही। अब ऐसे लोगों से पुलिस ने सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली है। अब पुलिस फेक कॉल करने वालों पर एफआईआर दर्ज करवाएगी।
कंट्रोल रूम में तीन महिला पुलिस कर्मी कॉल रिसीव करती हैं। महिला हेल्प लाइन 1091 पर कॉल रिसीव करने की जिम्मेदारी भी इन पर है। इन कर्मचारियों ने बताया कि कई बार तो लगातार फेक कॉल आने से वे असली कॉल भी रिसीव नहीं कर पाती। कंट्रोल रूम के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चे भी फेक कॉल्स करके परेशान करते हैं। उन्होंने बताया कि सिर्फ ब्लैंक कॉल और अननॉन नंबर ही नहीं, ऐसे कॉल्स भी आते हैं, जिसमें बच्चे फोन कर उनके टीवी पर कार्टून के आने का समय पूछते हैं। कई बाहर तो बच्चे फोन करके पूछते हैं पहचान कौन? और बाद में फोन काट देते हैं। बाद में बच्चों के परिजन कहते हैं बच्चे से गलती हो गई हम माफी मांगते हैं।
महिला हेल्प लाइन पर अधिकतर शिकायतें घरेलू हिंसा की
महिला हेल्प लाइन सेवा 1091 पर अधिकतर कॉल घरेलू हिंसा से संबंधित ही आती है। महिला पुलिस कर्मचारी का कहना है कि छेड़छाड़ से संबंधित कॉल तो महीने में एक-दो ही होती है। महिला हेल्प लाइन पर 99 प्रतिशत फोन घरेलू हिंसा के ही होते हैं। इसमें महिला यही गुहार लगाती है कि उसका पति या ससुराल वाले पिटाई कर रहे हैं, मुझे बचा लो। इस पर उनके घर पुलिस भेजी जाती है। मई माह में महिला हेल्प लाइन पर 50 महिलाआें ने फोन किया और जून माह में 45 महिलाओं ने हेल्प लाइन पर फोन करके सहायता मांगी।
दर्ज करवाई जाएगी एफआईआर : देशराज
फेक कॉल से परेशान कंट्रोल रूम स्टॉफ की दिक्कतों को समझते हुए कंट्रोल रूम के नव नियुक्त इंचार्ज एएसआई देसराज ने बताया कि अब फेक कॉल करने वालों पर धारा 182 के तहत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक मितेश जैन के समक्ष भी फेक कॉल की समस्या रखी जाएगी। फेक कॉल पर केस दर्ज होने से काफी हद तक इस परेशानी से निजात मिलेगी।
कार्रवाई होगी : एसपी
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मितेश जैन से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि इसमेें कोई दोराय नहीं कि फेक कॉल से पुलिस कर्मचारियों को काफी परेशानी होती है। फेक कॉल करने वाले पर कार्रवाई होगी।