संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। सीआईए सिरसा पुलिस ने बाइक सवार पति-पत्नी को 10.79 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रोड़ी पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सोमवार को सीआईए सिरसा पुलिस रोड़ी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रोड़ी नहर पुल पर पुलिस ने एक बाइक को रोका।
बाइक पर एक व्यक्ति व महिला सवार थी। पुलिस ने शक के आधार पर तलाशी ली तो बाइक में से 10.79 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में व्यक्ति की पहचान कुलवंत सिंह व महिला की पहचान बिंद्र कौर पत्नी कुलवंत सिंह के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार सुबह दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।