संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के वार्ड नंबर दो स्थित प्रेम नगर में बुधवार सुबह एक विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलने पर हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार पंजाब के संगरूर निवासी 23 वर्षीय सिमरन की शादी प्रेम नगर निवासी मुकेश से चार साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे भी थे। मंगलवार सुबह मुकेश ने शराब पीकर सिमरन व अपनी मां से झगड़ा किया।
परिवार वालों ने दोनों को समझाकर शांत करवाया। बुधवार सुबह मुकेश घर से बाहर चला गया। सिमरन घर पर अकेली थी। इसके बाद उसने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। करीब 10 बजे घरवाले आए तो सिमरन को कमरे में फंदे पर लटका पाया। शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग पहुंचे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद उनका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।