जाट आंदोलन के चलते बाधित ट्रेनों का परिचालन अभी तक बंद है। विभाग की ओर से दिल्ली जाने वाली दोनों ट्रेनों को सात मार्च तक रद कर दिया गया है। सिरसा-लुधियान ट्रेन बुधवार से निर्धारित समय पर चलेगी पर हिसार-जींद ट्रेन आगामी आदेश तक बंद रहेगी।
गौरतलब है कि जाट आंदोलन के चलते जो रेल यातायात जाम हो गया था। आंदोलन समाप्त होने के बाद कुछ ट्रैक पर बहाल हुआ पर कुछ पर बंद है। रेवाडी, सिरसा, बठिंडा फिरोजपुर के बीच गाड़ियों का संचालन नियमित रूप से शुरू हो गया। लंबे रूटों पर अभी भी गाड़ियों का संचालन नहीं हो पाया है। दिल्ली रूट पर गाड़ियों का संचालन न होने से रेल यात्रियों को तो परेशानी का सामना करना ही पड़ रहा है बल्कि रेल विभाग को प्रतिदिन दस लाख रुपये का घाटा हो रहा है। सिरसा से होकर 18 गाड़ियों का संचालन होता है।
इसमें से सबसे ज्यादा आमदनी दिल्ली जाने वाली किसान व हरियाणा एक्सप्रेस गाड़ियों से ही होती है। रेलवे पूछताछ केंद्र के आगे हमेशा रेल यात्री गाड़ियों की पूछताछ करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन हमेशा उनको मायूस होकर ही लौटना पड़ रहा है। रेलवे मास्टर अमर सिंह के अनुसार किसान एक्सप्रेस और हरियाणा एक्सप्रेस सात मार्च तक रद् रहेगी। हिसार जींद जाने वाली ट्रेन आगामी आदेश तक रद् रहेगी।