सिरसा। गांव कुसुंबी में बुधवार रात को बिजली निगम की हाई वोल्टेज लाइन की तार टूट गई। इस दौरान करंट लगने से दो भैंस मर गईं। पीड़ित परिवार ने बिजली निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है।
पीड़ित मांगे राम वाल्मीकि ने बताया कि हर रोज की तरह बुधवार रात्रि को घर के बाहर वाली साइड में उसने अपने पशुओं को बांधा था। घर के पास से गुजरती 11 हजार वोल्टेज लाइन काफी नीची है। रात्रि करीब 11 बजे अचानक बिजली पोल का फिंगर टूटने से एक तार पोल से नीचे आ गिरा। इस दौरान करंट लगने से उसकी दो भैंसों की मौत हो गई। धमाके के चलते उसकी नींद खुली तो उसने बाहर आकर देखा। तार टूटने की जानकारी देने के बाद विभाग ने आपूर्ति काटी। मांगे राम ने बताया कि वह निर्धन परिवार से संबंध रखता है। उसकी एक लाख रुपये की भैंस थी, जो एक माह बाद बयाने वाली थी। करीब 40 हजार कीमत की दो साल की झोटी थी।
सीएम सैनी के सामने उठाएंगे यह मामला : सरपंच वेद प्रकाश
कुसंबी गांव के सरपंच वेद प्रकाश ने निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे गांव में बिजली की लाइन खराब हो चुकी है। जहां वर्षों पहले लगाए गए यह तार कमजोर हो चुके हैं, वहीं पोल भी टूटने के कगार पर हैं। निगम को कई बार पंचायत स्तर पर इन लाइनों को बदलने की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने के लिए उनकी पंचायत पंचकूला जा रही है, जहां उनके सामने भी यह मसला उठाया जाएगा।