नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस ने हेरोइन सप्लायर नाइजीरिया देश के ऐमका मैत्थयु पुत्र इफेयोमा से रिमांड अवधि के दौरान 210 ग्राम हेरोइन और बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि हेरोइन सप्लायर नाइजीरियन ऐमका मैत्थयु को द्वारकापुरी दिल्ली से गिरफ्तार कर सिरसा अदालत से दो दिन की रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान सप्लायर की निशानदेही पर 210 ग्राम हेरोइन और बरामद की गई है। हेरोइन सप्लायर से पूछताछ जारी है और हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब हो कि दो मई को चोपटा थाना पुलिस ने रोहतक के गांव मोखरा निवासी सुनील तथा जिला सिरसा के गांव नाथूसरी कलां के रमेश, सुरेश व शिव कुमार को गिरफ्तार कर 30 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। एसएसपी ने बताया कि सुनील निवासी मोखरा (रोहतक) नाथूसरीकलां के पकड़े गए तीनों लोगों को हेरोइन सप्लाई करने आया था। उन्होंने बताया कि सुनील को सिरसा अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि में पूछताछ के दौरान मुख्य सप्लायर नाइजीरिया निवासी ऐमका की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दो दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया था।