शिवालिक की पहाड़ियों से फतेहाबाद के जाखल खंड के गांव चांदपुरा में प्रवेश करने वाली घग्गर नदी में जल प्रवाह निरंतर बढ़ता जा रहा है। सुबह आठ बजे तक घग्गर में 16 हजार 400 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है। वहीं, रंगोई नाले में 11 हजार क्यूसेक से अधिक पानी डाल दिया गया है। रंगोई नाले की क्षमता 6 हजार क्यूसेक की है और इसमें 5 हजार क्यूसेक पानी अधिक चल रहा है।
पानी घग्गर में छोड़ा जा रहा
पंजाब के दो गांव जहां घग्गर के तटबंध टूटे थे वह पानी अब गांव शक्कर पूरा तक पहुंच गया है। शक्कर पूरा की 10 एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई और पानी को रफ्तार लगातार बढ़ रही है। सिंचाई विभाग के अनुसार पीछे से लगातार पानी घग्गर में छोड़ा जा रहा है। फिलहाल आबादी को बचाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
घग्गर नदी का उफान अधिक
इस बीच रतिया के गांव लांबा में घग्गर के तटबन्ध टूटने की अफवाह फेल गई, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं थी। ग्रामीण अपने स्तर पर घग्गर पुल के तटबन्धों को मजबूत करने में लगे हुए थे। जिला प्रशासन ने इसे अफवाह बताया है। हालांकि रतिया के गांव चिमो व कमाना में घग्गर नदी का उफान अधिक है। ग्रामीण इलाके के लोगों का मानना है कि अगर पानी बढ़ा तो निश्चित ही इन गांवों में घग्गर ओवरफ्लो हो सकती है। फिलहाल पंजाब से पानी जाखल के खेतों में आ रहा है और घग्गर ओवरफ्लो होती है तो बाढ़ की आशंका भी है।
गर्भवती महिला को दी मदद
पंजाब से मदद ना मिलने पर पंजाब के हांडा गाँव की गर्भवती महिला ने फतेहाबाद प्रशासन से मदद मांगी। डीसी मनदीप कौर ने टीम भेजकर महिला को सुरक्षित निकलवाया। गांव पूर्णमाजरा में गर्भवती महिला को शिफ्ट किया। महिला को स्वास्थ्य सहित सभी सेवाएं उपलब्ध करवाई गई है।