संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के गांव खैरेकां की हैंडबाल खिलाड़ी भावना लगातार अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर खेलों की दुनिया में पहचान बना रही हैं। महज दो साल पहले खेल शुरू करने वाली भावना आज जिलास्तर से लेकर राज्यस्तर तक शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। अब राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल खैरेकां की अंडर-17 टीम की कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व कर रही हैं।
भावना गोलकीपर की भूमिका निभाती हैं। वह अपनी तेज प्रतिक्रियाओं व मजबूत डिफेंस के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने कैथल में आयोजित स्कूल स्टेट अंडर-14 प्रतियोगिता में भाग लिया जहां उनके प्रदर्शन की सराहना की गई। इसके बाद 2025 में जींद में आयोजित अंडर-17 स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में भी उन्होंने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में सिरसा की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची हालांकि टीम को हार का सामना करना पड़ा और चौथे स्थान पर संतोष करना पड़ा।
पिता का रहता है पूरा सहयोग : इसी वर्ष गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा ओलंपिक गेम्स में भी भावना ने भाग लिया जहां उन्होंने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। कोच और साथियों के अनुसार, भावना का खेल लगातार निखर रहा है। वह हर मुकाबले में टीम के लिए मजबूत दीवार साबित होती हैं। भावना के पिता पवन कुमार का पूरा सहयोग रहता है।