सिरसा। सोने के आभूषण देने के बहाने एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये की ठगी किए जाने के मामले में नाथूसरी चोपटा पुलिस ने दो लोगों को नामजद सहित पांच के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मानसा पंजाब के निवासी बलजीत सिंह ने बताया कि सिरसा के कीर्तिनगर में उसकी रिश्तेदारी में लगने वाली बहन रहती है। वह कैटरिंग का काम करता है। उसने बताया कि मेरी बहन के पड़ोस में ही संदीप नाम का युवक रहता है। कुछ समय पहले वह संदीप से मिला था। संदीप ने उसे बताया कि वह सोने का काम करता है, कभी जरूरत हो तो बताना। उसने अपने भाई की शादी के लिए सोने के जेवरात बनवाने थे। जिसके बाद करीब एक महीना पहले उसने संदीप सिंह से संपर्क किया तो उसने उसे बलवंत नाम के व्यक्ति से मिलवाया। जिसने बताया कि वह जयपुर का रहने वाला है और सोने का कारोबार करता है। जिसके बाद उसने कुछ जेवरात भी दिखाए, जिनकी कीमत तीन लाख रुपये बताई। जेवर उसने पसंद कर लिए और पैसे के इंतजाम के लिए उसने करीब 15/20 दिन का समय मांगा। 7 नवंबर 2021 को बलवंत का फोन उसके पास आया और कहा कि वह नया डेरा सच्चा सौदा सिरसा के पास उसे कार में मिलेगा और वहीं पर सौदा कर लेंगे। इसके बाद वह और उसका दोस्त कीमती सिंह मोटरसाइकिल पर शाम करीब सवा चार बजे डेरा सच्चा सौदा सिरसा से थोड़ा आगे पुलिस नाका पार कर रोड किनारे खड़ी स्विफ्ट गाड़ी के पास पहुंच गए। गाड़ी में उस वक्त बलवंत व एक अन्य व्यक्ति बैठा था। वह और उसका दोस्त मोटरसाइकिल को साइड में खड़ा कर गाड़ी की पिछली सीट पर बैठ गए। फिर उन्होंने गाड़ी थोड़ी आगे चला ली और आगे दो और व्यक्तियों को गाड़ी में बैठा लिया और गाड़ी को गांव रंधावा की तरफ ले गए। उन्होंनेे उससे तीन लाख रुपये ले लिए और सोने के आभूषण नहीं दिए। जिसके बाद कार चालक ने उन्हें भट्ठे के पास उतार दिया और वहां से फरार हो गए। जैसे तैसे कर वह अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल के पास पहुंचा और वापस घर आ गया। लेकिन उसकी मां का इलाज चलने के कारण वह पुलिस को मामले की शिकायत नहीं दे सका। हालांकि उसने संदीप और उक्त व्यक्ति से भी कई बार संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने उसके बाद न तो रुपये लौटाएं है और न ही अन्य कोई जानकारी दी है। अब शिकायत के आधार पर नाथूसरी चोपटा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।