सिरसा।गुरु नानक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी जश्न मनाते हुए। स्कूल
सिरसा। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में रानियां रोड स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने लगातार तीसरी बार ओवरऑल विजेता बनकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ स्कूल के स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी जब ओवरऑल ट्रॉफी लेकर स्कूल पहुंचे, तो उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
स्कूल के चेयरमैन सरदार सुरेंद्र सिंह वैदवाला और उप प्रधान जितेंद्र कौर ने स्कूल के विद्यार्थियों और स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। वैदवाला ने कहा कि यह गर्व की बात है कि गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने लगातार तीसरी बार ओवरऑल विजेता बनने का रिकॉर्ड कायम किया। प्रतियोगिता में हमारे बच्चों ने 50 से अधिक स्कूलों के समक्ष शानदार प्रदर्शन किया। हमारी टीमें दो स्पर्धाओं में पहले और एक में दूसरे स्थान पर रही। उन्होंने कहा कि यह सफलता स्टाफ और बच्चों की कठिन मेहनत का परिणाम है। स्कूल प्रबंधन हमेशा बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और खेलों में भी भागीदारी की प्रेरणा देता है, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से भी सक्षम बन सकें।
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन
गुरु नानक पब्लिक स्कूल की टीम ने जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में कुल तीन स्पर्धाओं में भाग लिया, जिनमें से दो में वे पहले स्थान और एक में दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में जिले के 50 से अधिक स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। इस खुशी के मौके पर एडमिनिस्ट्रेटर अजींद्रप्रीत कौर, मनजीत सिंह चावला, प्रिंसिपल रविंद्र कौर, नीरू अनेजा, दलजीत सिंह, संजना, अनिल कुमार, जितेंद्र कुमार, हरप्रीत कौर और रवि शंकर माैजूद रहे।