फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: दुष्कर्म के केस में गवाही देने से रोकने के लिए की थी गुरसेवक की हत्या, गांव का पंच व उसका साथी गिरफ्तार

Thu, 24 Apr 2025 10:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
गुरसेवक हत्याकांड की जानकारी देती एसपी निकिता खट्टर। स्रोत : पुलिस
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सिरसा/डबवाली। गांव मसीतां में हुए गुरसेवक हत्याकांड के दो आरोपियों को डबवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंच कुलदीप सिंह व इकबाल निवासी गांव मसीतां के रूप में हुई है। गुरसेवक दुष्कर्म केस में अगले माह गवाही देने वाला था। गवाही देने से रोकने के लिए इन दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। हत्या करने का जिम्मा कुलदीप उर्फ भाऊ को दिया था।
यह खुलासा वीरवार को डबवाली पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। एसपी ने बताया कि पंच कुलदीप सिंह व इकबाल दोनों गुरसेवक की रेकी कर रहे थे। 22 अप्रैल की शाम गुरसेवक बाइक पर अपने साथी दीपक यादव के साथ अपने खेत से रवाना हुआ तो कुलदीप व इकबाल ने इसकी जानकारी फोन पर कुलदीप उर्फ भाऊ को दी। इसके बाद ये दोनों भी गुरसेवक का बाइक पर पीछा करते रहे। गुरसेवक और उसका साथी दीपक गांव की धर्मशाला के पास पहुंचे तो कुलदीप व उसके साथियों ने पिस्तौल से गोलियां चला दीं। गुरसेवक को 7 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दीपक घायल हो गया।
विज्ञापन

गुरसेवक के भाई सर्वजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दुकान से सामान लेने जा रहा था, उसी समय गुरसेवक और दीपक बाइक पर जा रहे थे। दो युवक पीछे से आए और गुरसेवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए, थाना शहर डबवाली और साइबर सेल की विशेष टीम बनाई गई थी।

गुरसेवक ने इकबाल के भाई पर दर्ज कराया था केस

आरोपी इकबाल ने पूछताछ में बताया कि गुरसेवक सिंह व दीपक यादव ने उसके भाई रमनदीप के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। उसका भाई रमनदीप सिरसा जेल में बंद है। इस केस में अगले माह गुरसेवक की गवाही होनी थी। गुरसेवक को गवाही देने से रोकने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद कुलदीप उर्फ भाऊ को गुरसेवक व दीप की हत्या करने का जिम्मा दिया था।
विज्ञापन



आरोपियों को आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस

एसपी ने बताया कि आरोपी पंच कुलदीप व इकबाल के ऊपर शहर थाना डबवाली में झगड़े का और महिला थाना डबवाली में दुष्कर्म का केस दर्ज है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार सुबह कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड अवधि में आरोपियों से गहन पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जाएगा। आरोपी कुलदीप उर्फ भाऊ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें जुटी हुई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें