फाइनल तक पहुंचे गुरकीरत का सिरसा में पहुंचने पर स्वागत करते शहरवासी। विज्ञप्ति
सिरसा। शहर के बरनाला रोड निवासी गुरकिरत सिंह ग्रोवर ने एक निजी चैनल पर प्रसारित मास्टर शेेफ इन इंडिया के टॉप-6 में जगह बनाई है। बुधवार को सिरसा पहुंचे गुरकिरत ग्रोवर का बरनाला रोड स्थित बाबा भूमण शाह चौक पर ढोल नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गुरकिरत ग्रोवर ने बताया कि उसने कभी सोचा नहीं था कि वह इस मुकाम तक पहुंच जाएगा। लॉ करने के बाद उसके परिजनों का सपना था कि वह कोर्ट में प्रैक्टिस करें, लेकिन उसके मन में कुछ और ही चल रहा था। उन्होंने कहा कि शुरू में थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन हौसला बुलंद था। उसने बताया कि प्रोफेशन कोई भी हो, जरूरी नहीं है कि उसे महिला पुरुष पर निर्भर किया जाए। अगर मन में कुछ कर गुजरने का इरादा हो और मन में दृढ़ संकल्प हो तो किसी भी मंजिल को आसानी से पाया जा सकता है। बेटे की खुशी से गदगद पिता अनमोल ग्रोवर, माता बलजीत कौर व बहन गुरमनप्रीत कौर ने कहा कि उन्हें गुरकिरत की हिम्मत पर विश्वास था। शुरू में उन्हें उसका यह कदम थोड़ा अटपटा लगा, लेकिन उसके हौसले को देखकर परिवार के लोगों ने उसकी इस मुकाम तक जाने में पूरी मदद की।
परिजनों ने संदेश दिया कि अभिभावक जिनके बेटा या बेटी जिस भी फील्ड में जाना चाहें, उन्हें उनके लक्ष्य की ओर जाने दें, ताकि वो अपने साथ-साथ परिवार का भविष्य भी संवार सके। इस मौके पर गुरकिरत के दोस्त अजय आर्य ने कहा कि उन्हें अपने दोस्त की मेहनत पर पूरा भरोसा था। बार एसोसिएशन ने भी गुरकिरत ग्रोवर को सम्मानित किया। इस मौके पर बार एसोसिएशन के प्रधान गणेश सेठी व जिला सचिव डॉ. सौरभ नागपाल आदि उपस्थित थे।