फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिल्म दिखाकर जहर खुरानी पर लगाम कसने में जुटी जीआरपी

Wed, 16 Dec 2015 11:31 PM IST
अमर उजाला सिरसा/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
रेलगाड़ियों में होने वाली जहर खुरानी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए जीआरपी ने फिल्म का सहारा लिया है। जीआरपी की तरफ से रेलवे स्टेशनों पर फिल्म माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। राज्य में सक्रिय जहर खुरानी गिरोह से बचने के लिए एक घंटे की इस फिल्म में हर प्रकार की सावधानियां यात्रियों को बताई गई हैं। नशीली चीज मिले बिस्कुट आदि खिलाकर यात्रियों को लूटने वाले इन गिरोहों के खिलाफ जीआरपी ने अपना अभियान तेज किया है। जीआरपी अधीक्षक राकेश आर्य ने इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
विज्ञापन




इसके बाद से ऐसी रेलगाड़ियों और रूटों की पहचान की है, जहां जहर खुरानी की सबसे ज्यादा वारदात हो रही है। सिरसा जीआरपी इंचार्ज सकतर सिंह का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के आदेशों पर यात्रियों को जागरूक करने और सक्रिय गिरोह पर नकेल करने के लिए जीआरपी ने कमर कस ली है। ये गिरोह ज्यादातर लंबे रूट पर चलने वाली रेलगाड़ियों में सवार यात्रियों को अपना निशाना बनाता है। इनके निशाने पर यूपी, बिहार व सेना के जवान ज्यादा रहते हैं।
पकड़ने की विशेष रणनीति तैयार

रेलवे पुलिस ने जहर खुरानी गिरोह के संबंध में जानकारी जुटाई है। उनसे सख्ती से निपटने की रणनीति बनकर तैयार है। बताया जाता है कि गिरोह में शामिल लोगों की संख्या 20 से ज्यादा है। ये गिरोह खासतौर पर सेना के जवानों और भोले-भाले यात्रियों को बड़ी आसानी से अपना निशाना बना लेता है। सिरसा रेलवे थाना प्रभारी सकतर सिंह का कहना है कि हम हमेशा यात्रियों को अलर्ट करते रहते हैं कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति से लेकर किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ का सेवन नहीं करे। इसके अलावा जब ट्रेन प्लेटफार्म से छूटती है तो साथ ही साथ सिक्यूरिटी स्टाफ और ट्रेन स्टाफ दोनों को हिदायत दी जाती है कि वो असामाजिक तत्वों पर ध्यान रखें। यात्रियों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वो सजग रहें और अन्य यात्रियों को सजगता बरतने को प्रेरित करें।
विज्ञापन


एक घंटे की फिल्म में हैं गिरोह की हरकतें

यात्रियों को जागरूक करने वाली यह फिल्म एक घंटे की है। इसमें जहर खुरानी गिरोह की हरकतों को दिखाया गया है। यह गिरोह कैसे-कैसे हथकंडे अपनाकर यात्रियों को अपना शिकार बनाता है यह सब बातें फिल्म में बताई गई हैं। जीआरपी अधीक्षक राकेश आर्य ने सिरसा, आदमपुर, बड़ागुड़ा, मंडी कालांवाली और डबवाली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को यह फिल्म दिखाने की जिम्मेदारी एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी है। सिरसा जिले की बात करें तो यहां से होकर बठिंडा से दिल्ली, दिल्ली से फाजिल्का, रेवाड़ी से श्री गंगानगर जाने वाली रेल गाड़ियों में यात्रियों को किसी भी चीज में नशा देकर लूटपाट की वारदातें हो रही हैं।

झांसे में न आने की सलाह

प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई जा रही इस फिल्म को दिखाने की जिम्मेदारी संभाले हुए जीआरपी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि छह दिन पहले वह अपने साजो सामान के साथ सिरसा पहुंचे थे। टिकट खिड़की के सामने और वेटिंग रूम में प्रोजेक्टर लगाकर यात्रियों को फिल्म दिखाई जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सफर के दौरान सतर्क रहने के प्रति जागरूक करना है। सफर के दौरान वह किसी के झांसे में न आएं। वह चाहे आपसे कितनी भी दोस्ती न कर ले, पर उसका दिया हुआ कोई भी चीज खाने से बचें। ज्यादातर मामलों में यात्रियों को कोल्ड ड्रिंक, चाय, कॉफी या बिस्कुट आदि में नशीला पदार्थ दिया जाता है। सिरसा स्टेशन पर 17 दिसंबर तक यह फिल्म यात्रियों को दिखाई जाएगी।


नहीं मिल सकता मुआवजा
जहर खुरानी का शिकार बनने वालों के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल यह होती है, यह रेलवे क्लेम ट्राइब्यूनल का केस नहीं बनता है जिससे इनके लूटे गए सामान की भरपाई नहीं हो पाती। जीआरपी मामले की जांच कर सकती है, लेकिन पीड़ित का हुआ नुकसान का मुआवजा रेलवे से नहीं दिलवा सकती। पीड़ित को रेलवे से किसी प्रकार का मुआवजा राशि नहीं दी जाती। रेलवे एक्ट में इस प्रकार का ही प्रावधान है।
विज्ञापन

राहुल शर्मा, एडवोकेट एवं पूर्व उपाध्याक्ष बार एसोसिएशन।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें