गोल चौक स्थित बीडीपीओ कार्यालय के बाहर चल रहा है धरना
फोटो 8
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर डबवाली के गोल चौक स्थित बीडीपीओ कार्यालय के बाहर लगातार धरना और रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। यूनियन के आह्वान पर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मांगें पूरी करने की मांग उठाई।
धरने की अगुवाई कर रहे यूनियन के ब्लॉक प्रधान एवं जिला सचिव सोहन लाल भारूखेड़ा ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल को अब 31 मई तक आगे बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सोहनलाल ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। इसी के चलते कर्मचारियों को मजबूर होकर धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है। धरना प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीडीपीओ कार्यालय के बाहर लगाया जा रहा है।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से वेतन संबंधी समस्याओं, नियमितीकरण तथा अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में उप प्रधान प्रेम लखुआना, सेमा सिंह, कालूराम, राजेंद्र, रूपराम, भरतलाल मुनावाली, रमेश, दर्शन सिंह सहित अन्य ग्रामीण सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।