गांव खारियां ग्रामसभा में 20 प्रतिशत का कोरम पूरा, विकास पर की चर्चा
फोटो - 37
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। ग्राम पंचायत खारियां की ओर से बुधवार को ग्राम सचिवालय में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सरपंच माया देवी और संचालन ग्राम सचिव अशोक कुमार ने किया। बैठक में गांव के विकास कार्यों की समीक्षा और आगामी वर्ष के लिए योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई।
सभा के दौरान वर्ष 2026-27 के ग्राम पंचायत विकास योजनाओं का मसौदा प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। सरपंच माया देवी ने बताया कि बैठक में गांव को नशा मुक्त बनाने, युवाओं को खेलों में प्रोत्साहित करने, शिक्षा स्तर में सुधार लाने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के कार्यों को बढ़ावा देने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया। सभा में लगभग 1500 लोग शामिल हुए, जो कुल मतदाताओं का करीब 20 प्रतिशत है।
ग्राम सभा में सभी वार्डों के पांच प्रतिनिधियों के माध्यम से विकास कार्यों और समस्याओं पर सुझाव मांगे गए। इस अवसर पर नंबरदार तेग बहादुर पूनिया, सभी पंच सदस्य, मनरेगा मजदूर, सफाई कर्मचारी और युवा भी उपस्थित रहे।
सरपंच माया देवी ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से तय कार्यों को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि गांव में शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में समग्र सुधार हो सके। बैठक ने ग्रामीणों को सक्रिय भागीदारी और गांव के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।