सिरसा। कृषि, तकनीक, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं का अनूठा समाधान है तो उसे पुरस्कार तक पहुंचाने का मौका है। सरकार ने नए विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज शुरू किया है। इसमें जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी को एक लाख रुपये मिलेंगे।
राज्य स्तर पर तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों में प्रत्येक को पांच-पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जिले से तीन अन्य उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन भी अगले चरण के लिए होगा। सभी आवेदकों को सहभागिता प्रमाणपत्र मिलेगा।
इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी और शोधकर्ता, पॉलिटेक्निक व इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी, स्टार्टअप संचालक, स्थानीय उद्यमी, पेशेवर और जमीनी स्तर पर नवाचार करने वाले लोग हिस्सा ले सकते हैं।
प्रतिभागी कृषि, स्वच्छता, प्रशासन और दैनिक जीवन की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान, नए उत्पाद या नवाचार की योजना प्रस्तुत कर सकते हैं। इसका उद्देश्य उपयोगी विचारों को पहचान दिलाकर उन्हें व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है।
इच्छुक आवेदक आधिकारिक पोर्टल www.sevafirstinnovationchallenge.startupharyana.gov.in पर पंजीकरण कर अपनी प्रविष्टि जमा कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने युवाओं और आम नागरिकों से भाग लेने की अपील की है।