ऐलनाबाद। सच धर्मकांटा के पास सोमवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार धर्मप्रीत (15) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित भाग गया। पुलिस ने मृतक के पिता रमेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मिट्टी सुरेरा निवासी रमेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6:40 बजे धर्मप्रीत इलेक्ट्रिक स्कूटी पर फर्नीचर फैक्टरी से घर लौट रहा था। सच धर्मकांटा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने मुड़ते समय तेज गति और लापरवाही से कट मार दिया। इससे स्कूटी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई और धर्मप्रीत सड़क पर गिरकर ट्रॉली के पहियों के नीचे आ गया। जनाब अली ने लोगों की मदद से धर्मप्रीत को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक रतन सिंह ने बताया कि हादसे में किशोर की मौत की सूचना मिली। आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे स्कूटी सवार किशोर ऐलनाबाद की ओर जाता दिखाई दिया। संवाद