सिरसा। आपकी पूंजी-आपका अधिकार विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले में केंद्रीय वित्त मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग की ओर से अक्तूबर से दिसंबर 2025 तिमाही के लिए आपकी पूंजी-आपका अधिकार विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में पड़ी बेदावा राशि के संबंध में खाताधारकों को जागरूक करना व उन्हें अपनी राशि प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसी क्रम में जिले में शनिवार की सुबह 11:30 बजे, संकाय आवास चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक महाप्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय सिरसा राजीव गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ही संजीव कुमार अग्रणी जिला प्रबंधक सिरसा व सभी बैंकों के डीसीओ, एलआईसी ऑफिस, पोस्ट ऑफिस के अधिकारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर मुख्यअतिथि राजीव गर्ग ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व अपने परिजनों के निष्क्रिय/अनक्लेम्ड खातों की जानकारी लेकर उचित प्रक्रिया के माध्यम से राशि का दावा करना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि भारत सरकार के इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाया जा सके।
जिला प्रबंधक संजीव कुमार अग्रणी ने कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा अभियान की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद राजीव गर्ग मंडल प्रमुख, पंजाब नेशनल बैंक, सिरसा ने इस पहल को एक सकारात्मक और आमजन हितकारी कदम बताते हुए सभी से सामूहिक प्रयासों की ओर से इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिले में कार्यरत सभी बैंकों के जिला अधिकारी, नियंत्रक अधिकारी, प्रमुख बीमा कंपनियों, म्यूचुअल फंड एवं पेंशन फंड विभागों के अधिकारियों सहित लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। करोड़ रुपये से अधिक की राशि का दावा किया जा चुका है। कैंप में बैंकों एवं बीमा कंपनियों द्वारा प्रतिभागियों को संबंधित प्रक्रियाओं एवं दावों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।