फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: कुख्यात गैंगस्टर गोरू बच्चा दो साथियों सहित गिरफ्तार

Tue, 30 Jun 2026 11:22 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
आरोपियों से बरामद ह​थियार व नकदी।
विज्ञापन
3 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 81 कारतूस व छह लाख रुपये बरामद
विज्ञापन

पैरोल पर बाहर आकर फिर सक्रिय हुआ गैंगस्टर, कोर्ट ने भेजा 6 दिन के रिमांड पर


अपहरण की साजिश का खुलासा, राजस्थान का रहने वाला शख्स था टारगेट


अवैध हथियार सप्लाई चेन की जांच करने आरोपियों को पंजाब व बिहार लेकर जाएगी पुलिस


फोटो -13

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा व उसके दो साथियों को सीआईए सिरसा पुलिस ने डबवाली रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, 81 कारतूस व छह लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। गैंगस्टर गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा के खिलाफ पंजाब सहित अन्य राज्य में 40 से अधिक केस दर्ज हैं। मंगलवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने तीनों आरोपियों को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।



जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर गोरू बच्चा अपने साथियों के साथ सिरसा क्षेत्र में मौजूद है। सीआईए पुलिस टीम ने डबवाली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध गाड़ी को घेर लिया। घेरेबंदी के बाद गाड़ी में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन

पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान गोरू बच्चा निवासी लुधियाना पंजाब, विकास देहड़ निवासी गांव जोड़कियां, जिला सिरसा व अंकुश निवासी गांव मंगाली, जिला हिसार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन अवैध सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की गईं। इसके अलावा, गाड़ी में से 81 कारतूस व छह लाख रुपये की नकदी भी मिली।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर गोरू बच्चा के खिलाफ पंजाब सहित कई राज्यों में हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, रेप, धमकी व मादक पदार्थ तस्करी के 40 से अधिक केस दर्ज हैं। वह पहले बठिंडा जेल में बंद था। मई में वह पैरोल पर बाहर आया था।
पुलिस का मानना है कि पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने अपने नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की कोशिश की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि संभावित रूप से राजस्थान के एक व्यक्ति के अपहरण की साजिश पर काम चल रहा था। बरामद नकदी को लेकर पुलिस का कहना है कि यह राशि आरोपियों की ही है जिसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था।



पाकिस्तान से पंजाब के गैंगस्टरों के पास पहुंचते हैं सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल अत्याधुनिक हैं। यह एक बार ट्रिगर दबाने पर पूरी मैगजीन फायर करने में सक्षम है। जांच में यह भी सामने आया है कि भारत में इस प्रकार के हथियारों का वैध निर्माण नहीं होता। आशंका जताई जा रही है कि ये हथियार पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए पंजाब में गिराए जाते हैं फिर वहां से अलग-अलग राज्यों में गैंगस्टरों तक पहुंचाए जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान तीनों आरोपियों को पंजाब व बिहार ले जाया जाएगा ताकि हथियार सप्लाई चेन व नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।



अंकुश ने कराई थी विकास की गोरू बच्चा से मुलाकात

जांच में यह भी सामने आया है कि सिरसा के रहने वाले विकास का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है जबकि हिसार निवासी अंकुश की मुलाकात जेल में गोरू बच्चा से हुई थी। अंकुश ने ही विकास की मुलाकात गैंगस्टर से कराई थी। विकास का पिता सेवानिवृत्त अध्यापक है। फिलहाल, पुलिस तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। उनके अन्य सहयोगियों, फंडिंग स्रोतों व संभावित टारगेट की जानकारी जुटाने में लगी है।



वर्ष 2010 में की थी लूटपाट की पहली वारदात

लुधियाना के छावनी मोहल्ले के रहने वाले गोरू बच्चा ने प्रमुख गैंगस्टरों से संबंधों के कारण आपराधिक दुनिया में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए कई वारदात कीं। वर्ष 2010 में छावनी मोहल्ला में दिवाली के दिन उसने गोली चला कर सरेआम लाखों रुपये जुआ लूटने की वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद उसने आए दिन किसी न किसी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद जेल से छूटते ही उसने फिर से वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। इसके बाद दुगरी इलाके में ऑटो साइड पर करने को लेकर हुए विवाद के चलते गोरू बच्चा ने विक्रांत नामक ऑटो ड्राइवर को गोली मार दी थी। इससे उसकी मौत हो गई थी। बाद में फरीदकोट में एक युवक को गोली मार हत्या कर दी।


12 लोगों को पूछताछ कर छोड़ा
सूत्रों के अनुसार, सीआईए ने सूचना पर सोमवार रात को अनाज मंडी स्थित एक दुकान में दबिश दी थी। इस दौरान गैंगस्टर गोरू बच्चा सहित करीब 15 लोग यहां मौजूद थे। उक्त दुकान फर्जी फर्म मामलों में मुख्य आरोपी की है। उसने ये दुकान एक सरपंच को दी हुई थी। पुलिस ने सभी लोगों को हिरासत में ले लिया। दुकान के बाहर ही गाड़ी खड़ी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने 12 लोगों को छोड़ दिया जबकि गैंगस्टर गोरू बच्चा, विकास व अंकुश को अवैध हथियार, कारतूस व नकदी सहित गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि उक्त दुकान में ऑनलाइन कारोबारी सौदे किए जाते थे।
विज्ञापन



कोट्स
पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर विकास शर्मा उर्फ गोरू बच्चा सहित तीन आरोपियों को सीआईए पुलिस ने सोमवार रात को गिरफ्तार किया। आरोपियों से तीन अवैध पिस्टल, 81 कारतूस व छह लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है। कोर्ट ने आरोपियों को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड अवधि में आरोपियों से अवैध हथियार सप्लायर के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
-सुखबीर सिंह, डीएसपी सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें