गांव मांगेआना में स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र के उप निदेशक आत्म प्रकाश, उपाधीक्षक भूप सिंह, सुरजीत सिंह और अमर सिंह के खिलाफ डबवाली सदर थाने में धोखाधड़ी व गबन का मामला दर्ज किया है। यह मामला गुप्तचर विभाग के एसपी अशोक कुमार ने दर्ज कराया है। आरोपियों ने 17,18,844 रुपये का गबन किया है।
शिकायत में बताया गया कि जिले के मांगेआना में करीब 72 एकड़ क्षेत्रफल में फल उत्कृष्टता केंद्र है। इस केंद्र में भ्रष्टाचार की शिकायत पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा जांच की गई थी। इस केंद्र केे उपनिदेशक पद पर आत्मप्रकाश तैनात हैं। इस केंद्र का सालाना बजट 3.5 करोड़ रुपये है। यहां हर दूसरे साल प्रदेश के किसानों को जागरूक करने एवं बागवानी विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा सम्मेलन कराया जाता है। जिसमें प्रदेश से करीब 8 हजार किसान भाग लेते हैं। सम्मेलन का बजट भी सरकार द्वारा अलग से जारी होता है। वर्ष 2019-20 का सम्मेलन 5 व 6 जनवरी 2020 को आयोजित कराया गया था। जिसमें करीब 6 हजार किसानों ने भाग लिया था।
सम्मेलन के आयोजन के लिये केंद्र के उप निदेशक आत्मप्रकाश व उप अधीक्षक भूप सिंह द्वारा 17,18,844 रुपये का खर्च दिखाकर बजट के लिये सरकार से आवेदन किया गया। ये बजट पास नहीं हुआ। हालांकि विभाग के महानिदेशक के आदेश से एक योजना के बजट से यह राशि आवंटित कर दी गई। आवंटित राशि को उप निदेशक आत्मप्रकाश व उप अधीक्षक भूप सिंह द्वारा रिकार्ड में अलग-अलग गतिविधियां दिखाकर खर्च किया गया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार भूप सिंह, विषय वस्तु विशेषज्ञ सुरजीत सिंह,अमर सिंह तथा बागवानी केंद्र के इंचार्ज उप निदेशक आत्मप्रकाश ने फर्जी बिल बनाकर राशि का भुगतान एक फर्म साइन एंड साइड सिक्योरिटी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम करवाकर गबन कर गए। जांच में यह तथ्य भी मिला है कि आत्मप्रकाश ने हाउस रेंट लेकर भी अनियमितता की। डबवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।