संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी/सिरसा। गांव रोड़ी में इंटरलॉकिंग टाइल फैक्टरी में बुधवार रात को दो दोस्तों के बीच आपसी विवाद हो गया। इस दाैरान एक ने दूसरे दोस्त पर पास पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल से सिर में कई वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सुबह मजदूरों ने देवेंद्र की लाश देखी तो पुलिस व फैक्टरी मालिक को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। फाॅरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मृतक देवेंद्र इंटरलॉकिंग टाइल की फैक्टरी में काम करता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के गांव मम्मापुर का रहने वाला था। वह पिछले सात से आठ वर्षों से रोड़ी में रहकर इंटरलॉकिंग टाइल फैक्टरी में काम कर रहा था। अविवाहित देवेंद्र तीन भाइयों में मंझला था।
देवेंद्र फैक्टरी परिसर में बने कमरे में दोस्त रवि सिंह के साथ रहता था। दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे। उनकी अच्छी दोस्ती थी। दोनों एक ही साथ खाना बनाकर खाते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले देवेंद्र और रवि ने साथ में शराब पी। शराब पीने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। यह देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान रवि ने पास में पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल उठाकर देवेंद्र के सिर पर कई वार कर दिया। देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद रवि मौके से भाग निकला।
वीरवार सुबह फैक्टरी के अन्य मजदूरों ने कमरे में चारपाई पर देवेंद्र का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल व शराब की बोतल बरामद की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
रोड़ी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतक देवेंद्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपी रवि सिंह की तलाश शुरू कर दी गई है। हत्या का कारण आपसी विवाद है। अभी मृतक के परिजन नहीं पहुंचे हैं।