सिरसा। गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी विकास कुमार के साथ वीजा लगवाने के नाम पर कंपनी एजेंट ने 4.07 लाख रुपये की ठगी की है। इस पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विकास कुमार ने बताया कि 13 नवंबर 2024 को वीजा लगवाने के लिए फाइल प्रोसेसिंग के नाम पर एजेंट मनिंद्र कौर पत्नी राहुक (रिशव) और रूप मल्होत्रा को 8,000 रुपये फोन पे कर दिए और 26 दिसंबर 2024 को 45,000 रुपये फोन पे फिर से कर दिए। इन लोगों से उसके दोस्त अमन रंधावा ने जानकारी करवाई थी।
उनका चंडीगढ़ में काउंसिल अब्रॉड कंसल्टेंट के नाम से कार्यालय था। इसके बाद 03 दिसंबर 2024 को 3,54,250 रुपये उन्होंने ऑक्सफोर्ड कॉलेज के खाते में जमा करवाए थे और कहा गया कि एक महीने के अंदर आपका स्टडी वीजा आ जाएगा। अगर वीजा नहीं आया तो आपकी फीस कॉलेज से रिफंड करवा दी जाएगी और प्रोसेसिंग फीस में से 10,000 रुपये काटकर बाकी राशि आपको वापस दे दी जाएगी।
तीन महीने किया इंतजारतीन महीने इंतजार करने के बाद पीड़ित को इन लोगों पर शक होने लगा, क्योंकि इनका कोई जवाब नहीं आया था और उसका फोन भी नहीं उठाते थे। इसलिए उन्होंने पांच मार्च को अपनी फाइल एंबेसी से विड्राल करवा ली और कॉलेज से फीस वापसी का आठ सप्ताह का समय था, लेकिन अभी तक न तो उनकी कोई फीस वापस आई है और न ही उन्हें प्रोसेसिंग फीस वापस मिली है। उन्होंने काॅलेज से पता किया तो काॅलेज प्रशासन ने फीस लेने की बात नकारी।