अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। उपमंडल के गांव अबूबशहर निवासी एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड बदलकर करीब 1 लाख 96 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना सदर डबवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अबूबशहर निवासी राजेश कुमार पुत्र कृष्ण कुमार ने बताया कि उसका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की अबूबशहर शाखा में है। 24 मई 2026 की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह गांव के डाकघर में लगे एटीएम पर नकदी निकालने गया था। इसी दौरान उसके पीछे खड़ा एक अज्ञात व्यक्ति मदद करने के बहाने उसके पास आया और उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी ने किसी तरह उसका पिन नंबर भी जान लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के कुछ समय बाद उसके मोबाइल फोन पर बैंक से पैसे निकलने के संदेश आने लगे। जब उसने अपने खाते की जानकारी जांची तो पता चला कि आरोपी ने उसके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर अलग-अलग समय पर खाते से कई बार नकदी निकाली। इस धोखाधड़ी में उसके खाते से करीब 1 लाख 96 हजार रुपये निकाल लिए गए। इससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित बैंक रिकॉर्ड हासिल किए। जांच में प्रथमदृष्टया एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी से रकम निकालने की पुष्टि हुई है।
चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय किसी अजनबी की मदद न लें और अपना पिन नंबर गोपनीय रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।