सिरसा। दबिश के दौरान रानियां में मौजूद पुलिस टीम। प्रवक्ता
सिरसा/रानियां। जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रानियां के वार्ड-7 और 8 में विशेष सर्च अभियान चलाया। ऐलनाबाद के डीएसपी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों ने डॉग स्क्वाॅयड की मदद से संदिग्ध मकानों, गलियों और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी ली।
पुलिस ने खेतों में भी सर्च अभियान चलाया। हालांकि इस दौरान कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारन ने बताया कि जिले में नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने संदिग्ध मकानों और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। डॉग स्क्वाॅयड की मदद से नशीले पदार्थों की तलाश की गई।
एसपी ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को नशे से बचाना पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास भी कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।