सिरसा। मौसम में धुंध के कारण ट्रेनों के पहिये थमने लगे हैं। ऐसे में जिला रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं, जिससे स्टेशन पर ट्रेन से जाने वाले यात्रियों को देरी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया है।
जिले के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में करीब 17 डिग्री का अंतर आ रहा है, दिन-रात के तापमान में अंतर के कारण अलसुबह हल्की धुंध ने रेल सेवाओं को प्रभावित कर रही है। धुंध के चलते कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धुंध के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें 10 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। आने वाले दिनों में बढ़ती धुंध और कोहरे के कारण और भी ट्रेनें लेट होने की संभावना है। सिरसा में गोरखधाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही है। यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे पहुंचनी थी, लेकिन 10:50 बजे सिरसा स्टेशन पर पहुंची।
जयपुर-बठिंडा एक्सप्रेस निर्धारित समय से 12 मिनट की देरी से सिरसा पहुंची और 15 मिनट की देरी से रवाना हुई। इसकी समय सारिणी अनुसार सिरसा पहुंचने का समय शाम 3:55 बजे था, लेकिन ट्रेन 4:07 बजे पहुंची और 4:15 बजे रवाना हुई।
श्री गंगानगर एक्सप्रेस करीब एक घंटा 08 मिनट देरी से पहुंची
कई ट्रेनें एक घंटे या उससे अधिक की देरी से चल रही हैं। श्री गंगानगर एक्सप्रेस का सिरसा पहुंचने का समय शाम 6 बजे था, लेकिन यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा सात मिनट की देरी के साथ सिरसा रेलवे स्टेशन पर शाम 7 बजकर 8 मिनट पर पहुंची है। वहीं सिरसा स्टेशन से 7 बजकर 13 मिनट पर चली है। वहीं, यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे धुंध और कोहरे को ध्यान में रखते हुए समय से पहले स्टेशन पहुंचें और अपने सफर में देरी की संभावनाओं को ध्यान में रखें।