सिरसा। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में मुस्लिम समुदाय ने शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। यह आयोजन देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ हुआ।
हरियाणा वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी साबिर हुसैन ने तिरंगा फहराकर सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत देश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ से हुई। मस्जिद परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
साबिर हुसैन ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देशप्रेम किसी एक धर्म तक सीमित नहीं बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावना है। इस अवसर पर रणजीत वक्फ बोर्ड और मोहम्मद हासिम, मोहम्मद सुलेमान, रहमत अली, सोनू खान, जब्बार खान, जावेद अली, अकबर, मुबीन अहमद उपस्थित थे।