गांव मूसली स्थित आदेश डिजिटल धर्मकांटे पर मंगलवार को हुई वारदात
फोटो - 35
संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। गांव मूसली स्थित आदेश डिजिटल धर्मकांटा पर कार्यरत एक व्यक्ति पर मंगलवार शाम 7 बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कर्मचारी को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिरसा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गांव मौजूखेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार गांव मूसली में स्थित आदेश डिजिटल धर्म कांटा पर कार्यरत है। यह धर्मकांटा गांव कुमथला के पूर्व सरपंच मलकीत सिंह का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि शाम के समय कोटली की ओर से दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर धर्मकांटे पर पहुंचे और सुरेंद्र को धमकाने लगे।
इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने रिवॉल्वर निकालकर सुरेंद्र पर तान दी। जान बचाने के लिए सुरेंद्र मौके से भागने लगा तभी हमलावर ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से मोटरसाइकिल से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच अधिकारी प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। कैमरे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।