संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डबवाली पुलिस ने गांव शेरगढ़ स्थित शराब ठेके पर फायरिंग के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने कार्रवाई शुरू की जिसके परिणामस्वरूप सीआईए स्टाफ ने मुख्य आरोपी को काबू कर लिया जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसपी जसलीन कौर ने बताया कि गांव शेरगढ़ स्थित शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन गांव जंडवाला बिश्नोईयां निवासी राजेश कुमार ने थाना शहर डबवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 1 अगस्त की देर रात मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक शराब खरीदने पहुंचे।
ठेका बंद होने के कारण जब उन्हें शराब देने से मना किया गया तो आरोपियों ने पहले ठेके पर तोड़फोड़ की और फिर सेल्समैन व उसके साथियों पर फायरिंग कर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की अन्य टीमें भी सक्रिय हो गईं।
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने तीन खाली खोल और एक कारतूस का अगला हिस्सा (गोली सिक्का) बरामद किया। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशन में सीआईए स्टाफ डबवाली प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रजत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
रजत कुमार के खिलाफ थाना शहर डबवाली में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी की जा रही है।