संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित फायर यूनियन की ओर से राज्य व्यापी आह्वान पर वीरवार को हलका विधायकों को ज्ञापन सौंपा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ऐलनाबाद में फायर यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण मीणा ने की ।
मंच का संचालन सचिव सुरेंद्र खिचड़ ने किया। विधायक भरत सिंह बैनीवाल के नाम नगर पालिका चेयरमैन रामसिंह सोलंकी को ज्ञापन सौंपा गया। रामसिंह सोलंकी ने बताया कि इन मांगों का पूर्ण समर्थन करते हुए सरकार से मांग करते हैं कि इनकी मांगों का उचित समाधान किया जाए। फायर यूनियन की हड़ताल लगातार 16 वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। हड़ताल को आशा यूनियन की ओर से समर्थन दिया गया।
प्रधान रजनी मंजू ने बताया कि हड़ताली कर्मियों का सरकार जल्द से जल्द समाधान करें अन्यथा आंदोलन उग्र किया जाएगा। इसी दौरान अखिल भारतीय किसान सभा के नेता सुरजीत सिंह ने आंदोलन का समर्थन कर उचित समाधान की मांग उठाई है।
इस मौके पर यूनियन नेता मुकेश खिचड़, कर्ण सिंह, रमेश हरडू, कुलदीप राठौड़, कुलदीप सिंह, अमित जांगड़ा, सुरजीत सिंह, विनोद कुमार व अन्य मौजूद रहे।