संवाद न्यूज एजेंसी डिंग मंडी। डिंग मंडी और बोदीवाली की सीमा से सटे खेतों में बुधवार दोपहर करीब एक बजे आग लग गई। आग लगने से बोदीवाली निवासी किसान सज्जन कुमार की करीब 7 एकड़ खड़ी गेहूं की फसल व 5 एकड़ गेहूं के अवशेष जलकर राख हो गए। वहीं, डिंग मंडी क्षेत्र में करीब 13 एकड़ गेहूं के अवशेष जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों में गेहूं के अवशेष से तूड़ी बनाने के लिए मशीन चलाई जा रही थी। इसमें चिंगारी पैदा हो गई। इससे खेतों में पड़े अवशेष में आग लग गई। हवा के साथ आग तेजी से फैलती गई।
किसान सज्जन कुमार ने बताया कि वह बोदीवाली निवासी मदन लाल की जमीन ठेके पर लेकर खेती करता है। डिंग मंडी की तरफ खेतों में तूड़ी बनाने की मशीन चल रही थी। उसीमें अचानक आग लग गई। उस समय हम घर पर थे तभी फोन आया तो तुरंत खेत में पहुंचे। तब तक आग हमारे खेत तक पहुंच चुकी थी।
सज्जन कुमार ने बताया कि आसपास के किसानों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ट्रैक्टरों की मदद से जमीन जोती गई और खाल में पानी छोड़कर आग को आगे फैलने से रोका गया। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सज्जन कुमार के अनुसार, करीब 7 एकड़ खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई और लगभग 5 एकड़ में पड़ा गेहूं का अवशेष भी जल गया। आग करीब 20 मिनट तक भड़की रही लेकिन आगे खाली जगह और बाग होने के कारण ज्यादा नहीं फैल सकी।
इसी घटना में, डिंग मंडी क्षेत्र के खेतों में भी लगभग 13 एकड़ गेहूं का अवशेष जल गया जबकि खड़ी फसल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। अवशेष जलने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों गांवों के पटवारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र की पैमाइश की। पुलिस विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पीड़ित किसान ने प्रशासन और कृषि विभाग से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में फसल जलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। यदि समय रहते सहायता नहीं मिली तो यह उनके लिए गंभीर आर्थिक संकट बन सकता है।