कालांवाली। भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष संजय गर्ग गाबा व उसके भाई राकेश गर्ग के साथ दुकान में घुसकर मारपीट करने के मामले में कालांवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की।
भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष संजय गर्ग गाबा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ दिन पहले उसने ओढां रोड पर खसरा नंबर 1038 व 1039 में काटी जा रही एक अवैध कालोनी को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी और कहा था कि अवैध कालोनी को लेकर सीएम विंडो व जिला नगर योजनाकार विभाग को शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। जिसको लेकर कालोनी काटने वाले कुछ लोग उससे रंजिश रखने लग गए थे।
संजय गर्ग ने बताया कि वह अखबारों का काम भी करते हैं और शुक्रवार को अनाज मंडी की एक दुकान से अखबार के रुपये लेने गया था कि वहां दुकान के पास ही खडे मनोज उर्फ गोल्डी व मनजीत ने उसके साथ गाली गलौज किया। बाद में वह भगत सिंह मार्केट में स्थित अपनी दुकान में आ गया। यहां मनोज उर्फ गोल्डी, मनजीत व वंश उसकी दुकान के अंदर घुस गए और उसके व उसके भाई राकेश के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जांच अधिकारी नरेश कुमार का कहना है कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।