सिरसा। बिजली निगम ने महिला जेई कमलेश ढांडा द्वारा उपभोक्ता को चप्पल दिखाकर गाली-गलौज करने के मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत पीड़ित उपभोक्ता रोहताश कुमार की ओर से एक्सईएन के पास की गई थी। पीड़ित ने जेई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। यह पूरा प्रकरण सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
इस मामले पर उपायुक्त ने अपील जारी की है कि बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए लोग उपायुक्त कार्यालय में आ सकते हैं, जहां उनकी सुनवाई की जाएगी। पीड़ित उपभोक्ता रोहताश कुमार ने बताया कि सोमवार को शाम पांच बजे वह अपनी पत्नी सुनीता के साथ बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। उनका दावा है कि उन्हें 32 हजार रुपये का बिल मिला, जबकि उन्होंने पहले ही बिल जमा कर दिया था और मीटर भी टीम द्वारा उतार लिया गया था। जब उन्होंने मीटर और बिल संबंधी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो महिला जेई ने पहले उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में रोहताश कुमार को जातिसूचक शब्द कहते हुए जूता दिखाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बिजली निगम के एक्सईएन धीरज कुमार ने कहा कि हमारे पास इस मामले की शिकायत आई है। मामले में जिला प्रशासन और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।