सिरसा। रानियां थाना क्षेत्र मेंं 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दो बेटियों के बाप द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बुधवार देर शाम को नाबालिग के घरवाले उसे लेकर महिला थाना सिरसा पहुंचे। जहां रात भर पुलिस की कानूनी प्रक्रिया से उन्हें गुजरना पड़ा। वीरवार सुबह 5 बजे उसका नागरिक अस्पताल मेंं मेडिकल करवाया गया और दोपहर को महिला पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज किए।14 वर्षीय पीड़िता का कहना है कि वह कक्षा पांचवीं पास है। उसका पिता मजदूरी करता है। करीब 28 दिन पहले वह शाम 7 बजे गली के बाहर टहलने गई थी। इसी दौरान पड़ोस मेंं रहने वाला बग्गा सिंह ने हाथ से उसका मुंह दबोच लिया और उसे उठाकर झाड़ियों में ले गया। यहां पर बग्गा सिंह ने जबरन उसके साथ गलत काम किया और धमकी दी की अगर इस बारे मेंं किसी को बताया तो जान से मार दूंगा। पीड़िता का कहना है कि धमकी के डर से उसने घरवालों को कुछ नहीं बताया।
पीड़िता का कहना है कि 18 फरवरी को गांव मेंं शादी थी। वह रात 10 बजे लघुशंका के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान बग्गा सिंह आ गया और अपने हाथ से उसका मुंह दबोच लिया और फिर से दुष्कर्म करने की कोशिश करने लगा। पीड़िता का कहना है कि उसने हिम्मत करके अपने मुंह से बग्गा सिंह का हाथ हटाया और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर घरवाले और रिश्तेदार आ गए। जिन्हें आता देख बग्गा सिंह फरार हो गया। इसके बाद घरवाले उसे लेकर घर आए। घर आने के बाद पीड़िता ने घरवालों को सारी आपबीती बताई।
पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-घनश्याम, महिला थाना प्रभारी