सिरसा। मशीन ठीक करने पर हुए विवाद में युवक ने मिस्त्री पर हमला कर दिया गया। मिस्त्री के सिर पर रॉड से चोटें मारी गई, जिससे वह घायल हो गया। पंजाब से बाप-बेटा मशीन लेकर गांव में पराली की गांठें बनाने के लिए आए हुए हैं। वह दोनों मशीन ठीक करवाने मिस्त्री की दुकान पर आए और चाबी-पाने के लिए झगड़ा हो गया।
मामले में अब सदर थाना पुलिस ने आरोप बाप-बेटे व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को दी शिकायत में गांव झोरड़नाली के रमनदीप ने बताया कि वह खराद वेल्डिंग का मिस्त्री है। झोरड़नाली गांव में मार्केट में उसकी दुकान है। पंजाब के रहने वाले हरविंदर सिंह व उसका बेटा फतेह सिंह पंजाब से उसके गांव में पराली की गांठ बनाने वाली मशीन लेकर आए हुए हैं। गांव के वीरेंद्र सिंह की मोटर पर खेत में रहते हैं।
मिस्त्री रमनदीप के अनुसार 11 नवंबर दोपहर को वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। उस समय हरविंद्र सिंह व फतेह सिंह उसकी दुकान पर आए और कहने लगे कि मशीन खराब हो गई है। चाबी-पाने मांगे, तो उनको दे दिए। मशीन ठीक करने के बाद जाने लगे, तो उसने चाबी-पाने वापस मांगे, तो फतेह सिंह बोला कि उसके कारीगर को दे दिए।
कारीगर ने बताया कि उसे कोई चाबी पाना देकर नहीं गए हैं। इस पर रमनदीप जब बाइक लेकर हरविंदर के खेतों पर गया तो वहां पर वे दोनों नहीं मिले। बाद में वे अपनी गाड़ी लेकर दुकान पर आए। दोनों में विवाद हो गया और फतेह सिंह गाड़ी से राॅड निकालकर लाया और उस पर हमला कर दिया। रमनदीप ने बताया कि उसके नौकरों ने उसे थप्पड़ मारे और फतेह ने उसके सिर पर राॅड से वार कर दिया। शोर मचाने पर पड़ोसी मुंशी राम ने उसे छुड़वाया। इसके बाद घरवालों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया।