सिरसा में बैठक करते संयुक्त किसान मोर्चा के नेता।
सिरसा। फसल खरीद में एमएसपी से कम दाम मिलने और खरीद संबंधी शर्तों के विरोध में हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा 14 अक्टूबर को प्रदेशभर में मार्केट कमेटी कार्यालयों पर तीन घंटे की तालाबंदी करेंगे।
नरवाना में शनिवार को हुई दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि धान और बाजरे की खरीद पर प्रति एकड़ सीमा, जिले संबंधी शर्तों और पोर्टल की प्रक्रियाओं से किसानों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने धान और बाजरे की फसल एमएसपी से कम दाम पर बिकने का दावा करते हुए अवैध कटौती का विरोध किया। संगठनों ने किसानों से एमएसपी से कम कीमत मिलने पर आवाज उठाने की अपील की।
बैठक में दिल्ली में प्रदर्शन के लिए जा रहे छात्र-युवाओं की गिरफ्तारी और लाठीचार्ज का भी विरोध किया गया। किसान संगठनों ने गिरफ्तार युवाओं को रिहा करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर वे भी आंदोलन में शामिल होंगे।
इसके अलावा गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का काम निजी कंपनियों को देने के प्रस्ताव का विरोध किया गया। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता रतन मान, लखविंदर सिंह औलख, बलबीर सिंह और मनदीप नथवान ने की। बैठक में दोनों मोर्चों के 23 घटक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।