समस्याओं के साथ समाधान के लिए आज उपायुक्त के साथ बेठक करेंगे किसान
फोटो - 30
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। ऐलनाबाद व पैंतालिसा क्षेत्र के किसानों ने हिसार घग्गर ड्रेन पर पंप हाउस बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर ओटू हेड पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। मंगलवार को करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर किसानों ने प्रदर्शन किया।
किसानों के धरने की सूचना मिलने पर उनसे बातचीत करने के लिए नहरी विभाग के एक्सईन, एसडीओ के साथ तकनीकी विभाग हिसार से दो अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। किसानों ने अधिकारियों की बातों पर कोई सहमति नहीं जताई। उसके बाद उपायुक्त ने बुधवार को मुलाकात करने को लेकर उन्हें मैसेज दिया। इस पर किसानों ने स्वीकृति जताई। ऐसे में बुधवार को किसान, उपायुक्त की अगुवाई में अधिकारियों से बातचीत करेंगे और स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
किसान चोपटा क्षेत्र में हिसार घग्गर ड्रेन से प्रतिवर्ष हो रही तबाही के साथ दक्षिणी घग्गर कैनाल व शैरांवाली चैनल में दूषित पानी डालने से नाराज हैं। हिसार घग्गर ड्रेन पर पंप हाउस बनाने की मांग को लेकर वह कई वर्षों से संघर्षरत हैं। मंगलवार को किसानों ने ओटू हेड पर कपड़े उतारकर आधे घंट तक धरना प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन ने किसानों से बातचीत कर रास्ता खुलवाया। किसान अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर बैठकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान किसान नेता प्रकाश सिहाग, हरविंद्र सिंह, गुरी शेखों सहित अन्य किसानों ने कहा कि जब तक सरकार व प्रशासन ने उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तब तक वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे। सरकार किसानों की मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। क्षेत्र के किसानों की जीवन रेखा माने जाने वाली घग्गर आज मौत रेखा बन गई है। फैक्टरियों का केमिकल युक्त पानी घग्गर में छोड़ा जा रहा है।
किसान नेताओं ने बताया कि हिसार घग्गर ड्रेन पर पंप सेट लगाकर पानी को उठाकर घग्गर में छोड़ने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इसे न तो सरकार पूरा कर रही और न ही प्रशासन इस पर ध्यान दे रहा।