वेदवाला में मुआवजे की मांग पर पांच दिन से किसान चढ़े हैं टंकी पर, टावर हटाने की चेतावनी
सोशल मीडिया को किया बैन, ज्यादा से ज्यादा लोग न पहुंच पाए
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव वेदवाला में खेत मालिक भूपेंद्र सिंह और किसान वेदप्रकाश बिजली टावर के लिए अधिग्रहीत जमीन के उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। वे छह दिन से जलघर की टंकी पर चढ़े हैं। प्रशासनिक स्तर पर कोई समाधान न होने से गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
किसानों ने सोशल मीडिया पर टावर हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट प्रतिबंधित कर दिए गए। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि अधिक संख्या में किसान वेदवाला न पहुंचें। किसान नेता ने बातचीत से समाधान की बात कही।
बीते दिन भूपेंद्र सिंह ने जबरदस्ती करने पर टंकी से छलांग लगाने की चेतावनी दी थी। इस पर पुलिस टीम पीछे हट गई और मौके पर स्थिति शांत हुई। किसानों का आरोप है कि उन्हें बाजार दर के अनुसार उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है।
आंदोलन और आगे की रणनीति
मंगलवार को किसानों ने समाधान न होने पर टावर हटाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही। इससे प्रशासन फिर सकते में आ गया। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। अब किसानों और ग्रामीणों की नजर मुख्यमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात पर है। वे मुआवजे के मामले में होने वाले समाधान का इंतजार कर रहे हैं।