संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। शहर की सब्जी मंडी के सामने बाईपास पर किसानों सड़क पर ही सब्जियां बिखेरकर जाम लगा दिया। किसानों ने सब्जी मंडी में सब्जियों के उचित दाम न मिलने के चलते प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि व्यापारी उनकी सब्जियों को बहुत कम कीमत पर खरीद रहे हैं, जिससे उनकी लागत पूरी नहीं हो पा रही है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि वे सुबह से अपनी फसल लेकर मंडी में पहुंचे थे, लेकिन व्यापारियों की ओर से उनकी सब्जियों के बेहद कम दाम लगाए गए।
इससे नाराज होकर किसानों ने मंडी के सामने बाईपास पर टींडा, मटर अन्य सब्जियां सड़क पर बिखेर दीं और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम लगने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
किसान बलविंदर बुल्टी ने कहा कि व्यापारी किसानों की मेहनत का सही मूल्य नहीं दे रहे हैं। सब्जियों की खेती में बीज, खाद, पानी और मजदूरी पर काफी खर्च आता है, लेकिन मंडी में उन्हें लागत का पैसा भी नहीं मिल पा रहा। किसान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि व्यापारी किसानों से सब्जियां औने-पौने दाम में खरीद लेते हैं और बाद में उन्हें दूसरे शहरों में ऊंचे दामों पर बेच देते हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।