संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। हिसार घग्गर ड्रेन के कारण आने वाली परेशानी को लेकर ओटू हेड पर तीन दिनों से कई गांवों के किसान धरना दे रहे थे। बुधवार को उपायुक्त शांतनु शर्मा के साथ दो घंटे तक चली बैठक के बाद धरना स्थगित कर दिया गया। वहीं, मानसून से पहले अधिकारियों को काम पूरा करने का आदेश दिया गया।
बुधवार को धरनास्थल से 7 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र की समस्या को लेकर उपायुक्त शांतनु शर्मा से मिला था। इस प्रतिनिधि मंडल में किसान नेता प्रकाश ममेरां व हरि सिंह मंडा, मलकीत सिंह पूर्व सरपंच कुंभथला, स्वर्ण सिंह पूर्व सरपंच कुत्ताबढ़, मानसिंह सिहाग खारी सुरेरा, भागीरथ गुड़िया खेड़ा और जगदीश स्वामी शामिल रहे।
किसान नेताओं ने बताया कि जिला उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग के एक्सईएन संदीप माथुर, एसडीओ उदयभान के साथ बैठक चली। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने किसानों की समस्या को गंभीरता से सुना और विभाग के टेक्निकल अधिकारियों को हिसार घग्गर ड्रेन का निरीक्षण कर किसानों की समस्या के समाधान करने के आदेश दिए।
बैठक के दौरान जिला उपयुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले एक सप्ताह तक विभाग की टेक्निकल टीम ड्रेन का निरीक्षण करेगी और उनकी समस्या के समाधान की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर सिंचाई विभाग से एक्सईएन संदीप माथुर, एसडीओ उदयभान व अन्य टीम सदस्य शाम साढ़े 4 बजे धरना स्थल पर पहुंचे और जल्द ही समाधान की कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया। एक्सईएन संदीप माथुर, एसडीओ उदयभान ने किसानों को सारी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मौजूदा स्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद किसानों ने उनसे आश्वस्त होकर अपना धरना स्थगित कर दिया।
इस मौके पर किसान नेता प्रकाश ममेरां, कुंभथला के पूर्व सरपंच मलकीत सिंह, प्रितपाल सिंह, मोजूखेड़ा के सरपंच सुरेंद्र, गुड़िया खेड़ा से रामकुमार सांगवान, मिठ्नपुरा से नौरंग भांभू व गुड़िया खेड़ा से महावीर आदि किसान पहुंचे थे।